- डी-मार्ट की रेलिंग तोड़ी, अवैध पार्किंग उपयोग पर निगम सख्त - मौसाजी स्वीट्स के बेसमेंट में होंडा कंपनी का संचालित हो रहा था सर्विसिंग सेंटर बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में पार्किंग स्थल के दुरुपयोग के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन भवनों की बेसमेंट पार्किंग को सील कर दिया। यह कार्रवाई निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर की गई। साथ ही सीपत रोड स्थित डी-मार्ट परिसर में सडक़ की ओर बनाई गई लोहे की रेलिंग को भी तोड़ा गया और प्रबंधन को 48 घंटे के भीतर नक्शानुसार बाउंड्रीवाल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान पार्किंग स्थल का उपयोग अन्य कार्यों के लिए कर रहे थे। सीपत रोड स्थित मौसाजी स्वीट्स के बेसमेंट में होंडा कंपनी का सर्विसिंग सेंटर संचालित किया जा रहा था, जिसे तत्काल सील कर दिया गया। वहीं, रॉयल स्वीट्स के पार्किंग क्षेत्र को गोदाम के रूप में उपयोग किया जा रहा था, उस पर भी कार्रवाई की गई। कमर्शियल उपयोग में ला रहे पार्किंग साइंस कॉलेज क्षेत्र में स्थित एक भवन के पार्किंग स्थल को कोचिंग संस्थान को किराए पर दे दिया गया था, जिससे वहां वाहनों की पार्किंग सडक़ पर होने लगी थी। इस कारण यातायात बाधित हो रहा था और जाम की स्थिति बन रही थी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पार्किंग स्थल का उपयोग केवल वाहनों के लिए ही किया जाना चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। मनोज राज 10 अप्रैल 2026