- महारैली में दिखी संगठन की ताकत - एनएफआईआर अधिवेशन, कर्मचारियों की समस्याओं पर मंथन - रेलवे कर्मचारियों की एकजुटता, महारैली में दिखा दम बिलासपुर (ईएमएस)। नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (एनएफआईआर) की 243वीं वर्किंग कमिटी मीटिंग बिलासपुर मंडल में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश रहे, जबकि अध्यक्षता एनएफआईआर के अध्यक्ष गुमान सिंह ने की। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. एम. राघवैया ने श्रमिकों के मुद्दों पर विस्तार से विचार रखे। कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे मजदूर कांग्रेस के जोनल महामंत्री लक्ष्मी नारायण पीताम्बर ने की। वहीं जोनल अध्यक्ष दिलीप कुमार स्वाइन एवं संयोजक रवि धल ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आयोजन की सराहना करते हुए मजदूर कांग्रेस द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी आदित्य कुमार और मंडल रेल प्रबंधक साकेत रंजन भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। खाली पदों पर रेलवे जल्द करे नियुक्ति शुरुआती ओपन सेशन में पुरानी पेंशन योजना का मुद्दा प्रमुखता से उठा। डॉ. राघवैया ने इस मुद्दे पर बोर्ड स्तर तक संघर्ष करने का आश्वासन दिया। साथ ही रेलवे में रिक्त पदों को जल्द भरने की आवश्यकता भी जताई गई। इस अवसर पर आयोजित महारैली में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर संगठन की एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन किया। महिला कर्मचारियों के लिए विशेष कार्यशाला कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें उनकी सुरक्षा, सम्मान और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। इसके अलावा युवा कर्मचारियों के लिए भी अलग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें ओपीएस सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों, शाखा सचिवों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मनोज राज 10 अप्रैल 2026