क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


- विश्व शांति के लिए एक सुर: शहर में गूंजा नवकार महामंत्र, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल बिलासपुर (ईएमएस)। जीतो चैप्टर्स द्वारा आयोजित विश्व नवकार महामंत्र जप दिवस देश-विदेश के साथ शहर में भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। शहर के सरकंडा जैन मंदिर, लिंक रोड स्थित प्रतिष्ठान एवं टिकरापारा जैन भवन सहित विभिन्न स्थानों पर सकल जैन समाज ने एक साथ नवकार महामंत्र का जाप कर विश्व शांति की कामना की। सामूहिक जाप में उमड़ा जनसमूह लिंक रोड स्थित एटी ज्वेलर्स में श्री जैन श्वेतांबर श्री संघ द्वारा सुबह सामूहिक जाप का आयोजन किया गया। इसमें समाज के संरक्षक विमल चोपड़ा, अध्यक्ष सुभाष श्रीमाल, तेरापंथ समाज अध्यक्ष चंद्रप्रकाश बोथरा सहित अनेक सदस्यों ने भाग लिया। वहीं सरकंडा, क्रांतिनगर और सम्मति विहार जैन मंदिर में पूजन के पश्चात 1 घंटे 36 मिनट तक ध्यान मुद्रा में जाप किया गया। गुजराती जैन समाज में संगीत मय जाप ने बांधा समां टिकरापारा स्थित जैन भवन में गुजराती जैन समाज द्वारा सुबह 8 बजे से नवकार महामंत्र का संगीत मय जाप किया गया। अमिता बेन सुतारिया एवं कल्पा बेन तेजाणी ने भक्ति धुनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्र जाप कराया। इसके बाद शांतिनाथ भगवान के मंत्र, लोगस पाठ एवं मांगलिक के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। महामंत्र से विश्व में शांति संभव समाज अध्यक्ष भगवान दास सुतारिया ने कहा कि नवकार महामंत्र की शक्ति से विश्व में चल रहे संघर्ष और युद्धों में विराम संभव है। यह मंत्र हर व्यक्ति के मन में शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।इस अवसर पर कार्यक्रम में पुरुष, महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मनोज राज 10 अप्रैल 2026