क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


- कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने प्रभावित गांवों का किया पैदल निरीक्षण, किसानों को दिया राहत का आश्वासन दतिया ( ईएमएस ) | जिले के सेवढ़ा विकासखंड में हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि एवं अतिवृष्टि ने ग्राम मलियापुरा, बाड़ोखरी एवं पोरसा खुर्द के सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस संकट के बीच कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने आज प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया तथा फसल नुकसान का जायजा लिया। कलेक्टर श्री वानखड़े सुबह ही सेवढ़ा पहुंचे और सबसे पहले ग्राम पोरसा खुर्द के खेतों का दौरा किया। यहां उन्होंने किसानों के साथ खेतों में उतरकर फसल की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि ओलावृष्टि ने न केवल गेहूं बल्कि चना एवं सरसों की फसलों को भी नष्ट कर दिया है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दर्जनों किसानों से व्यक्तिगत संवाद किया। संवाद के दौरान किसानों ने कहा कि फसल नुकसान के आंकड़े सही दर्ज हो, ताकि हमें उचित मुआवजा मिल सके। जिसपर उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है तथा किसी भी पात्र लाभार्थी को वंचित नहीं होने दिया जाएगा। कलेक्टर श्री वानखडे ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सर्वे शीघ्रता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हो, ताकि प्रभावित किसानों को शासन की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं अन्य राहत योजनाओं के तहत समय पर सहायता उपलब्ध हो सके। साथ ही समस्त संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वे में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भ्रमण के दौरानएसडीएम सेवढ़ा अशोक अवस्थी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, क्षेत्र के कृषक एवं समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।