- हादसा : जिला गेट नंबर 6 के पास अफरा तफरी जबलपुर, (ईएमएस)। जिला न्यायालय के गेट नंबर 6 के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क पर चल रही एक मोटरसाइकिल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते वाहन से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग लगते ही चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बाइक छोड़ दी और सुरक्षित स्थान की ओर भागकर अपनी जान बचाई। घटना के समय न्यायालय परिसर के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक आग की लपटें उठती देख लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और एसएएफ के जवानों ने तुरंत स्थिति संभाली। उन्होंने सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया, ताकि कोई हताहत न हो। इसके बाद उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। यदि आग फैलती तो आसपास खड़े अन्य वाहनों और लोगों को नुकसान हो सकता था। फिलहाल बाइक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। समझा जा रहा है कि तेज धूप की वजह से खड़ी गाड़ी में पेट्रोल लीक होने से यह हादसा हुआ| सुनील साहू / शहबाज / 10 अप्रैल 2026/ 05.34