- हादसा सीसीटीवी में कैद जबलपुर, (ईएमएस)। गोकलपुर इलाके में तेज रफ्तार का खामियाजा दो युवकों को भारी पड़ गया। अमृत 2.0 मिशन के तहत सड़क के बीच पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई की गई थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर सीधे गड्ढे में जा गिरी। पूरा हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। बताया जा रहा है कि दो युवक बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार में आ रहे थे। उन्हें सामने की घेराबंदी और खुदाई दिखाई नहीं दी। बाइक पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उछल गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक गहरे गड्ढे में जा गिरा, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा फेंका गया। हादसे की सूचना मिलते ही रांझी पुलिस की मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि इतनी भीषण दुर्घटना के बावजूद दोनों युवकों की जान बच गई और उन्हें मामूली चोटें आईं। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी ने लोगों से अपील की है कि रात के समय सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्यों को देखते हुए वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखें। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सुनील साहू / शहबाज / 10 अप्रैल 2026/ 05.40