क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडरों की उपलब्धता में काफ़ी बढ़ोतरी की है, ताकि देश भर में प्रवासी मज़दूरों और संवेदनशील समुदायों को खाना पकाने के लिए स्वच्छ ईंधन आसानी से और किफ़ायती दरों पर मिल सके। मंत्रालय ने पूर्व आपूर्ति सीमा को हटा दिया है और 7 अप्रैल से सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 5 किलोग्राम सिलेंडरों का रोज़ाना का आवंटन दोगुना कर दिया है। खासतौर पर शहरी एवं अर्द्ध शहरी क्षेत्रों में बढ़ती माँग को पूरा करने के लिए यह कदम उठाया गया है। मंत्रालय ने सिलेंडर प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी सरल बना दिया है। अब उपभोक्ता अपने पहचान पत्र जैसे आधार या पैन कार्ड तथा सेल्फ-डेक्लेशन के साथ सिलेंडर ले सकते हैं; उन्हें पते का स्थायी प्रमाण प्रस्तुत नहीं करना होगा। सरकार के इस पहल से प्रवासी मज़दूरों, दिहाड़ी मज़दूरों और छात्रों को लाभ होगा, क्योंकि उन्हें खाना पकाने के लिए सुविधाजनक ईंधन आसानी से सुलभ हो सकेगा। राज्य सरकारें, तेल विपणन कंपनियों के साथ मिलकर, एक समान उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वितरण का सक्रिय प्रबंधन कर रही हैं। सुनील साहू / मोनिका / 10 अप्रैल 2026/ 05.57