राज्य
10-Apr-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग मैनेजमेंट एंड रिसर्च (पीआईईएमआर) में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में विज्ञान और तकनीक का भव्य संगम देखने को मिला। मध्य प्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (एमपीसीएसटी) के सहयोग से आयोजित इस अंतर-महाविद्यालयीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट वैज्ञानिक सोच और तार्किक क्षमता का लोहा मनवाया। आयोजन के दौरान वाद-विवाद, विज्ञान प्रश्नोत्तरी और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों जैसी विविध प्रतियोगिताओं में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। वाद-विवाद प्रतियोगिता में सात्विक मिश्रा और अर्पित शर्मा ने अपनी तार्किक शक्ति का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तात्कालिक भाषण में अर्पित सिंह ने अपनी वाकपटुता के दम पर बाजी मारी। वहीं वैज्ञानिक प्रस्तुति में अनिल, अभिषेक और भूमि की टीम ने अपने बेहतरीन तकनीकी नवाचारों के लिए विजेता का खिताब अपने नाम किया। आईआईटी इंदौर के डॉ. शशांक गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करते हुए विज्ञान के उभरते क्षेत्रों, विशेषकर क्वांटम भौतिकी के नवीन आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और आधुनिक शोध की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मिसाइल मैन डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम और अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला के जीवन संघर्षों से प्रेरणा लेते हुए अपने विचार साझा किए। संस्थान के सीनियर डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार देशपांडे ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करते हैं, जो विकसित भारत के निर्माण के लिए अनिवार्य हैं। कार्यक्रम का सफल संयोजन एप्लाइड साइंस एंड ह्यूमैनिटीज विभाग एवं इनोवेशन सेल द्वारा विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा के मार्गदर्शन में डॉ. रेखा शर्मा और डॉ. प्रियंका तिवारी द्वारा किया गया। प्रकाश/10 अप्रैल 2026