मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई पुलिस ने हवाला रैकेट में शामिल एक 48 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उसके संभावित आतंकी फंडिंग से जुड़े संबंधों की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि आरोपी के पास से विदेशी मुद्रा मिलने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवाया था और उसी के जरिए कई बार विदेश यात्रा की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह हवाला के जरिए पैसों का लेन-देन करता था। इस मामले में पासपोर्ट एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई स्पेशल ब्रांच-1 से मिली सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार स्पेशल ब्रांच के पुलिस उपायुक्त ने जोन-12 के पुलिस उपायुक्त को सतर्क किया, जिसके बाद मुंबई के पश्चिमी उपनगर मालाड (पूर्व) स्थित दो फ्लैट और आरोपी के एक कार्यालय पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन ठिकानों से करीब 12.47 लाख रुपये नकद, नौ से अधिक मोबाइल फोन, लैपटॉप, पेन ड्राइव और टैबलेट (कुल कीमत लगभग 1.6 लाख रुपये) तथा कुवैती दीनार बरामद किए। इसके अलावा दो नकली भारतीय नोट भी मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कई बार कुवैत गया था और उसके पास कुवैत का ड्राइविंग लाइसेंस भी है, जबकि एक ड्राइविंग लाइसेंस महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी किया गया है। पुलिस को उसके पास से कुवैत की फ्लाइट का बोर्डिंग पास और वहां की तस्वीरें भी मिली हैं। पुलिस को आरोपी के पास से हैदराबाद पासपोर्ट कार्यालय द्वारा खारिज किया गया एक पासपोर्ट, कुवैत सिविल आईडी नंबर से जुड़ा ग्लोबल डेबिट कार्ड और उसकी दूसरी पत्नी की पैसों के लेन-देन से जुड़ी तस्वीरें भी मिली हैं। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि “आरोपी की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है, खासकर आतंकी फंडिंग से जुड़े पहलुओं पर।” फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। संजय/संतोष झा-१० अप्रैल/२०२६/ईएमएस