क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


- डॉ. श्याम सुंदर तिवारी भी सम्मानित कोरबा (ईएमएस) शासकीय पीजी कॉलेज कोरबा के वनस्पति शास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संदीप शुक्ला को बायोलॉजी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ साइंस बैंगलोर द्वारा उनके प्रोजेक्ट एवं प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण के लिए प्रदान किया गया। उक्त सम्मान संस्थान के प्रशिक्षण केंद्र चेलाकेरे में आयोजित 17 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर दिया गया। प्रशिक्षण 22 मार्च से 7 अप्रैल तक आयोजित किया गया था, जिसमें छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों के विज्ञान संकाय (वनस्पति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, प्राणी शास्त्र, रसायन शास्त्र एवं गणित) के प्राध्यापकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से किया गया था। प्रशिक्षण में राज्य भर से लगभग 120 प्राध्यापक शामिल हुए, जिन्हें 17 दिनों तक गहन पाठ्यक्रम, नियमित परीक्षण एवं प्रेजेंटेशन से गुजरना पड़ा। इसके पश्चात उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि शासकीय पी.जी. कॉलेज कोरबा के ही भौतिक शास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. श्याम सुंदर तिवारी को भी भौतिक शास्त्र विषय में ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से महाविद्यालय एवं कोरबा जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। 10 अप्रैल / मित्तल