शिमला (ईएमएस)। शिमला के इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में जारी आईटीटीएफ-एटीटीयू एशियन यूथ टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का विजयी अभियान जारी है। टीम स्पर्धाओं में क्लीन स्वीप करने के बाद, शुक्रवार को भारतीय युवाओं ने अंडर-19 और अंडर-15 एकल श्रेणियों में अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए सेमीफाइनल में जगह सुरक्षित कर ली है। उच्च रैंकिंग के कारण कई भारतीय खिलाड़ियों को पहले दौर में बाई मिली, जिससे मेजबान टीम का ड्रॉ पर पूर्ण नियंत्रण बना हुआ है। अंडर-19 बॉयज़ वर्ग में प्रियानुज भट्टाचार्जी ने बांग्लादेश के नफीज इकबाल को 11-6, 11-6, 11-6 से और मालदीव के औन इब्राहिम को 11-6, 11-5, 11-7 से हराकर ग्रुप-1 में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। पुनीत विश्वास ने भी ग्रुप-2 में श्रीलंका के अकिन वियांडुवा को 11-7, 11-7, 9-11, 11-7 से और नेपाल के एरिश शाक्य को 11-9, 11-0, 11-5 से मात दी। गर्ल्स वर्ग में जेनिफर वर्गीज ने नेपाल की बिनका राय को 11-6, 11-9, 11-5 से और श्रीलंका की कविता अलगेवाडु को 12-10, 11-5, 11-5 से हराया। अनन्या मुरलीधरन ने भी अपना दबदबा दिखाते हुए मालदीव की मिशका इब्राहिम को 11-7, 11-6, 11-1 से और बांग्लादेश की खॉय साई को 11-3, 11-4, 13-11 से पराजित किया। अंडर-15 बॉयज़ में आदित्य दास ने मालदीव के फाज़ लतीफ़ को 11-5, 11-5, 11-7 से और श्रीलंका के येनुल अबेविक्रमा को 11-6, 11-4, 9-11, 11-8 से शिकस्त दी। बाएं हाथ के खिलाड़ी अक्षय किरीकारा ने भी शानदार फॉर्म दिखाते हुए नेपाल के निश्चल थापा को 11-5, 11-3, 11-2 और बांग्लादेश के मिदुल मोहम्मद को 11-3, 11-8, 11-5 से सीधे गेम में हराया। गर्ल्स वर्ग में अंकोलिका चक्रवर्ती ने श्रीलंका की मुथुली वेलथंथ्रिगे को 11-4, 11-1, 11-5 से हराकर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। वहीं अहोना रे ने नेपाल की सुराम्या शाक्य को 11-6, 11-6, 11-2 से और बांग्लादेश की राफिया चौधरी को 11-4, 11-7, 11-2 से करारी मात दी। :: आज होंगे खिताबी मुकाबले :: चैंपियनशिप के अंतिम दिन शनिवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रत्येक देश से अधिकतम दो खिलाड़ियों के प्रतिनिधित्व के नियम के बावजूद, भारत ने अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी है। डबल्स स्पर्धाएं भी क्वार्टर फाइनल चरण से शुरू हो चुकी हैं। कल के दिन भारतीय पैडलर्स की नजरें अपनी इस बादशाहत को अधिक से अधिक स्वर्ण पदकों में बदलने पर होंगी। प्रकाश/10 अप्रैल 2026