क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


- कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में साधना शुरू; 13 अप्रैल को भक्तों के बीच लौटेंगे संत :: इंदौर (ईएमएस)। तिल्लौर-शिवनगर मार्ग स्थित संकट मोचन हनुमंत मंदिर (खेड़ापति आश्रम) में चल रहा विराट हनुमंत मेला शुक्रवार को एक अलौकिक आध्यात्मिक घटना का साक्षी बना। तपोनिष्ठ संत महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 राजगुरु महाराज ने जनसैलाब की उपस्थिति में दोपहर ठीक 12 बजे 72 घंटे की कठिन भू-समाधि साधना ग्रहण की। जैसे ही महाराज साधना में लीन हुए, पूरा आश्रम परिसर जय श्रीराम और जय हनुमान के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। भक्तों की आंखें श्रद्धा से नम हो गईं। समाधि लेने से पूर्व महाराज ने भावपूर्ण संबोधन में श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि वे अपनी साधना पूर्ण कर 13 अप्रैल को दोपहर 12:45 बजे पुनः भक्तों के बीच लौटकर उन्हें आशीर्वाद प्रदान करेंगे। आयोजन का संचालन कर रहे शेखर गौड़ ने इसे अद्वितीय आध्यात्मिक अनुभव बताया, वहीं अभिषेक जाट सहित उपस्थित भक्तों ने महाराज की सिद्ध तपस्या के प्रति अटूट विश्वास व्यक्त किया। :: विज्ञान के परे है आध्यात्म : विजयवर्गीय इस अवसर पर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने महाराज की साधना को नमन करते हुए कहा कि जहाँ विज्ञान की सीमाएं समाप्त होती हैं, वहीं से आध्यात्म का विस्तार प्रारंभ होता है। उन्होंने इस भू-समाधि को सनातन संस्कृति की शक्ति और महाराज के दीर्घकालीन तप का जीवंत प्रतीक बताया। :: 12 फीट ऊंची रुद्राक्ष प्रतिमा बनी आकर्षण :: मेले में नेपाली रुद्राक्षों से निर्मित 12 फीट ऊंची भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र है। 5 से 15 अप्रैल तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन पं. विनोद शास्त्री द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। आयोजन में अखंड धूना, अखंड ज्योति और अखंड हनुमान चालीसा पाठ के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम है। :: रुद्राक्ष वितरण और सामूहिक विवाह की तैयारी :: आश्रम से जुड़े सुभाष पाटीदार और सरपंच अशोक जरिया ने बताया कि 13 अप्रैल को अभिमंत्रित रुद्राक्ष वितरण होगा। वहीं, 14 अप्रैल को सर्व समाज के लिए निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 15 अप्रैल को पूर्णाहुति और भंडारे के साथ समापन होगा। इस अवसर पर रूपेश बाघमोरे, प्रदीप गवली, विक्रम सोलंकी, मुकेश जरिया, भगवान ठाकुर, विजय पाटीदार, मनोहर मस्कारा, उमराव सिंह, कैलाश अग्निहोत्री, दिनेश पटेल, घनश्याम पाटीदार, धर्मेंद्र सिंह ठाकुर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। प्रकाश/10 अप्रैल 2026