- आज शाम सजेगी खाटू श्याम भजन संध्या - समाजसेवी रमेश गुप्ता पीठेवाले ने सपरिवार की गौसेवा; माहेश्वरी मांगलिक भवन में होगा दिव्य आयोजन :: इंदौर (ईएमएस)। वैशाख शुक्ल अष्टमी के पावन अवसर पर केशरबाग रोड स्थित अहिल्यामाता गौशाला में श्रद्धा और सेवा का अनुपम दृश्य दिखाई दिया। अग्रवाल समाज के वरिष्ठ समाजसेवी और स्नेह नगर रहवासी संघ के अध्यक्ष रमेश गुप्ता पीठेवाले ने शुक्रवार को परिजनों सहित गौशाला पहुंचकर सप्त गौमाता मंदिर में आराधना की। उन्होंने पं. मुकेश शास्त्री के मार्गदर्शन में लड्डू गोपाल का पूजन कर गौसेवा का पुण्य लाभ लिया। इस आध्यात्मिक अवसर पर समाजसेवी शैलेंद्र गुप्ता, भगवान गुप्ता, दीपक गुप्ता मोंटी और हेमंत अग्रवाल सहित कई स्नेहीजन उपस्थित थे। गौशाला प्रबंध समिति के संयोजक सीके अग्रवाल एवं सहयोगियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान गौभक्तों ने केवल गौसेवा ही नहीं, बल्कि भीषण ग्रीष्मकाल को देखते हुए मूक परिंदों के लिए अपने घर-आंगन में दाना-पानी के सकोरे रखने का मानवीय संकल्प भी लिया। :: भजनों से महकेगी शाम, सजेगा 56 भोग :: आयोजन की अगली कड़ी में शनिवार को शाम 6 बजे से एबी रोड स्थित माहेश्वरी मांगलिक भवन (चिड़ियाघर के सामने) में विशाल खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम संयोजक मोंटी गुप्ता ने बताया कि इस दिव्य संध्या में प्रख्यात भजन गायक मोहित जैन, यश शर्मा और पीयूष भावसार भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। बाबा का अलौकिक दरबार सजाया जाएगा, जहां श्रद्धालु अखंड ज्योत और 56 भोग के दर्शन कर सकेंगे। प्रकाश/10 अप्रैल 2026