-नाव में 30 लोग थे सवार, 10 से ज्यादा लापता, राहत-बचाव के लिए सेना और एनडीआरएफ तैनात -सीएम योगी ने घटना पर जताया दुख मथुरा,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा एक स्टीमर पलट गया। इस दुर्घटना में 10 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जिनमें 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। सभी पर्यटक पंजाब के बताए जा रहे हैं, जो घूमने के लिए वृंदावन आए थे। जिला प्रशासन के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट के पास हुआ, जो प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर से लगभग ढाई किलोमीटर दूर स्थित है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय तेज हवा चल रही थी। एक पर्यटक ने मीडिया को बताया कि स्टीमर नदी के बीच में अचानक असंतुलित हो गया और तेज हवा के कारण उसकी रफ्तार बढ़ गई। इसी दौरान वह पीपा पुल से टकराकर पलट गया। घटना के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। करीब 50 स्थानीय गोताखोर सर्च ऑपरेशन में जुटे। घायलों को रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इसके अलावा राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम गाजियाबाद से मौके के लिए रवाना हो चुकी है, जबकि सेना से भी मदद मांगी गई है। फिलहाल लापता लोगों की तलाश जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार जब घटना हुई उस समय हवा की रफ्तार करीब 31 किमी प्रति घंटे थी। सीएम योगी ने जताया दुख इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हिदायत/ईएमएस 10अप्रैल26