:: बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने किया पीथमपुर और पीएम मित्र पार्क का भ्रमण :: इंदौर (ईएमएस)। औद्योगिक विकास और निवेश आकर्षित करने के क्षेत्र में मध्यप्रदेश मॉडल अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की सफलता से प्रभावित होकर उत्तर प्रदेश के बुंदेलखण्ड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीआईडीए) के एक उच्च स्तरीय दल ने तीन दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश का रुख किया। 56 हजार एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर रहे इस प्राधिकरण के अधिकारियों ने 8 से 10 अप्रैल तक इंदौर और पीथमपुर की विभिन्न परियोजनाओं का बारीकी से अध्ययन किया। दल की अध्यक्षता बीआईडीए के सीईओ संजय खत्री ने की। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश की निवेश प्रोत्साहन नीतियों और विश्वस्तरीय अधोसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) को समझना है, ताकि इसे उत्तर प्रदेश में भी लागू किया जा सके। :: पीथमपुर और पीएम मित्र पार्क की कार्यप्रणाली को सराहा :: प्रतिनिधिमंडल ने एमपीआईडीसी इंदौर के कार्यकारी संचालक हिंमाशू प्रजापति से मुलाकात की। इस दौरान इंदौर क्षेत्र में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क और अन्य औद्योगिक क्लस्टरों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। दल को बताया गया कि कैसे मध्यप्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन पॉलिसी और त्वरित डिसीजन मेकिंग के कारण निवेशक प्रदेश को पहली प्राथमिकता दे रहे हैं। यूपी से आए अधिकारियों ने स्वीकार किया कि पीथमपुर की ग्लोबल इमेज और पीएम मित्र पार्क की बेहतर प्लानिंग के कारण ही उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें यहां सीखने के लिए भेजा है। दल ने स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का भी भ्रमण किया। :: टेक्निकल टीम ने साझा किए अनुभव :: दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को दोनों राज्यों की तकनीकी टीमों ने पीएम मित्र पार्क का संयुक्त दौरा किया। यहां परियोजना के ले-आउट, क्रॉस सेक्शन और डीपीआर का गहन अध्ययन किया गया। डेलिगेशन के सदस्यों ने मध्यप्रदेश के प्लानिंग और एग्जीक्यूशन मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि वे इन बारीकियों को अपने क्षेत्र में लागू करेंगे। मध्यप्रदेश की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि बेहतर पॉलिसी और इंफ्रास्ट्रक्चर के दम पर राज्य को निवेश का हब बनाया जा सकता है। प्रकाश/10 अप्रैल 2026