नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत ने लेबनान में नागरिकों की मौत की खबरों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि हालिया घटनाक्रम बेहद चिंताजनक हैं और सभी पक्षों को अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करना चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पश्चिम एशिया के हालात पर आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान कहा कि भारत, लेबनान में बड़ी संख्या में नागरिकों के हताहत होने की खबरों से बेहद चिंतित है। उन्होंने कहा कि भारत, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन यूनिफिल में सैनिक योगदान देने वाला देश है और लेबनान की शांति व स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है। जायसवाल ने कहा, “नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन और देशों की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान बेहद आवश्यक है।” उन्होंने यह भी बताया कि लेबनान में भारतीय दूतावास वहां रह रहे भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में है और उनकी सुरक्षा पर नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में लेबनान में करीब 1,000 भारतीय नागरिक मौजूद हैं। सुबोध/१०-०४-२०२६