:: प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप मप्र में स्वास्थ्य क्रांति की तैयारी; डिप्टी सीएम ने कहा- मेडिकल टूरिज्म में आएगा उछाल :: इंदौर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में मध्यप्रदेश एक बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश में विशेष रीजनल मेडिकल हब स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए इंदौर-उज्जैन कॉरिडोर को सबसे उपयुक्त स्थल के रूप में चयनित किया गया है। शुक्रवार को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन वर्कशॉप में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि देश में पांच विशेष रीजनल मेडिकल हब बनाने की योजना है, जिनमें से एक मध्यप्रदेश में होगा। इस हब के बनने से न केवल विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं किफायती दर पर उपलब्ध होंगी, बल्कि मेडिकल टूरिज्म और रोजगार के क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। :: इंदौर-उज्जैन ही क्यों? डिप्टी सीएम ने गिनाए कारण :: उप मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंदौर-उज्जैन मार्ग के एक ओर ओंकारेश्वर और दूसरी ओर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग स्थित हैं। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह हेल्थ एंड वेलनेस कॉरिडोर वरदान साबित होगा। - मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर : इंदौर में बेहतरीन रेलवे और एयर कनेक्टिविटी के साथ एजुकेशन हब की सुविधा मौजूद है। - बढ़ती क्षमता : कभी ऑर्गन ट्रांसप्लांट के लिए मुंबई जाना पड़ता था, आज यह इंदौर में सुलभ है। - वैश्विक आकर्षण : इस हब के माध्यम से मध्य एशिया, यूरोप और अफ्रीका के मरीजों को आकर्षित किया जाएगा, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार और भारत की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। :: एमवाय अस्पताल का थ्री-डी मॉडल : 1610 बेड का होगा आधुनिक भवन :: कार्यशाला के दौरान उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एमवाय अस्पताल परिसर में बनने वाले आधुनिक जी-प्लस-8 भवन के थ्री-डी प्रेजेंटेशन का अवलोकन किया। - सुविधाएं : यह शासकीय अस्पताल 1610 बेड की क्षमता वाला होगा। - पार्किंग : परिसर में मल्टी लेवल पार्किंग की सुविधा होगी। - तकनीक : इसे पूरी तरह आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और डिजिटल सुविधाओं से लैस किया जाएगा। :: तीन माह में तैयार होगा फाइनल ड्राफ्ट :: एसीएस (हेल्थ) अशोक वर्णवाल ने बताया कि वर्कशॉप में प्राप्त सुझावों के आधार पर एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई जाएगी, जो आगामी तीन महीनों के भीतर इस रीजनल मेडिकल हब का फाइनल ड्राफ्ट तैयार करेगी। संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने इंदौर में एयर एम्बुलेंस और चोइथराम अस्पताल जैसे संस्थानों की सफलता का उल्लेख करते हुए मेडिकल टूरिज्म की संभावनाओं पर जोर दिया। कार्यक्रम में विधायक गोलू शुक्ला, एनएचएम एमडी डॉ. सलोनी सिडाना, आयुष आयुक्त शोभित जैन, डॉ. विनोद भंडारी, डॉ. डी.के. शर्मा सहित हेल्थ और होटल इंडस्ट्री के प्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रकाश/10 अप्रैल 2026