राज्य
10-Apr-2026
...


*शशि भूषण दूबे कंचनीय यूपी स्टेट ब्यूरो प्रमुख लखनऊ* मीरजापुर भदोही (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी भदोही द्वारा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत कांग्रेसजन जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में मसाल रोड स्थित कैंप कार्यालय (मशाल टॉकीज) से जुलूस के रूप में नारे लगाते हुए निकले और स्टेशन रोड स्थित भदोही गर्ल्स इंटर कॉलेज के सामने तिराहे पर पहुंचकर असम के मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर जोरदार विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी एवं किसान कांग्रेस प्रदेश कोऑर्डिनेटर दिलीप मिश्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी एवं वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। इस प्रकार की भाषा लोकतंत्र की मर्यादाओं के विरुद्ध है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस पार्टी ऐसे बयानों का लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा विरोध करती रहेगी। इसके पश्चात जिला उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल एवं त्रिलोकी नाथ बिंद ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार समाज को बांटने और विपक्ष के नेताओं के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। जनता इसका जवाब आने वाले समय में देगी। अंत में जिला उपाध्यक्ष मसूद आलम एवं नगर अध्यक्ष सरफराज आलम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सम्मानजनक राजनीति की पक्षधर रही है और आगे भी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष दीनानाथ दुबे, मनोज कुमार गौतम, सुरेश चौहान ,अनीश शेख, शमशीर अहमद, शक्ति मिश्रा, विशाल गौतम, राम सजीवन गौतम ,रामू गौतम ,अमलेश पांडेय डॉक्टर निजामुद्दीन मंसूरी, शाहिद, अमन ,आदिल, इमरान इत्यादि लोग उपस्थित रहें। ईएमएस/मोहने/ 10 अप्रैल 2026