राज्य
10-Apr-2026


:: महू के सांई एकेडमी पर बड़ी कार्रवाई; एक ही दुकान से कोर्स खरीदने का बना रहे थे दबाव :: इंदौर (ईएमएस)। स्कूली किताबों और स्टेशनरी के नाम पर पालकों के आर्थिक शोषण और बाजार में मोनोपोली (एकाधिकार) चलाने वाले संस्थानों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने नकेल कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने पर डोंगरगाँव (महू) के श्री सांई एकेडमी के संचालक और एक स्टेशनरी विक्रेता के विरुद्ध पुलिस ने प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है। मामला महू तहसील के डोंगरगाँव स्थित श्री सांई एकेडमी से जुड़ा है। जिला प्रशासन की हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर गठित जाँच दल ने पाया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा पालकों को महू स्थित विद्याश्री स्टेशनरी से ही ऊँचे दामों पर कोर्स खरीदने के लिए अनुचित रूप से विवश किया जा रहा था। जाँच प्रतिवेदन में स्पष्ट हुआ कि इस मिलीभगत के कारण अभिभावकों पर भारी आर्थिक बोझ डाला जा रहा था। :: भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज :: कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी आदेशों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कसा है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत स्कूल के संचालक/प्राचार्य और स्टेशनरी प्रोपराइटर के विरुद्ध थाने में मामला दर्ज कराया गया है। :: अभिभावक यहाँ करें शिकायत :: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्कूल को यह अधिकार नहीं है कि वह किसी विशिष्ट दुकान से सामग्री खरीदने के लिए पालकों को बाध्य करे। अभिभावक ऐसी किसी भी मनमानी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 0731-2431117 पर दर्ज करा सकते हैं, जिस पर शिक्षा विभाग की टीम तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। प्रकाश/10 अप्रैल 2026