राज्य
10-Apr-2026


-लुटेरे सोने का 11 तोला वजन से अधिक का कडा लेकर फरार भोपाल (ईएमएस) । राजधानी में सीएम हाऊस के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार की सुबह डॉक्टर के साथ लूट कर ली। आरोपियों ने बाइक से उनकी साइकल को टक्कर मारी। आंख में मिर्च झोंकने के बाद उनके हाथ में पहना हुआ 11 तोला वजनी सोने का कड़ा छीन लिया। टक्कर लगने से डॉक्टर के पांव में फ्रेक्चर आया है। घायल डॉक्टर का इलाज जेपी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। टीआई भूपेंद्र कौल संधू के मुताबिक, प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाले 50 साल के डॉक्टर मनोज वर्मा टीवी ट्रेनिंक सेंटर भोपाल के डायरेकटर हैं। हर रोज सुबह 8 बजे से दस बजे के बीच साइकलिंग करने निकलते हैं। शुक्रवार की सुबह दस बजे किलोल पार्क से दानिश आईस्क्रीम पार्लर के बीच, पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उनके साइकिल को जोरदार टक्कर मारकर गिरा दिया। गिरते ही दो युवक बाइक से उतरे उन्होंने आंख में मिर्च झोंकी और डॉक्टर की जेब में रखा पर्स जिसमें ढाई हजार की नकदी थी। इसी के साथ उनकी स्मार्टवॉच और हाथ में पहना सोने का कड़ा छीन लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित डॉक्टर मनोज वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। जोरदार टक्कर लगने के कारण उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई है। जेपी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। फरियादी का कहना है कि आरोपियों ने पहले पूरी ईलाके की रेकी करने के बाद, महज दो मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने साफ कहा था कि विरोध किया तो हत्या कर देंगे, मैं घबरा गया था। एक युवक हाथ में चाकू लिए था। उन्होंने आंख में मिर्च भी झोंक दी थी। लिहाजा मैं कुछ नहीं कर सका। हथियारों से लैस बदमाशों को देख मौके पर मौजूद लोग भी कुछ नहीं कर सके। आरोपियों के भागने के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जुनेद/10 अप्रैल2026