:: अब तक 531 किसानों से 23 हजार क्विंटल से अधिक उपज खरीदी; स्लॉट बुकिंग का आंकड़ा 9 हजार के पार :: इंदौर (ईएमएस)। जिले में रबी उपार्जन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेंहूँ खरीदी का महाअभियान अब पूरी गति में आ गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में शुक्रवार से जिले के सभी 90 उपार्जन केंद्रों पर खरीदी की प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ कर दी गई। किसानों की सुविधा के लिए की गई सुव्यवस्थित प्रशासनिक तैयारियों का ही परिणाम है कि पहले ही दिन केंद्रों पर उत्साहजनक माहौल देखने को मिला। जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि जिले में उपार्जन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है। अब तक कुल 531 किसानों से गेंहूँ का उपार्जन किया जा चुका है, जिसके तहत 23,390 क्विंटल उपज की खरीदी पूरी हो चुकी है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल और छाया की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। :: स्लॉट बुकिंग में दिख रहा जबरदस्त उत्साह :: समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लिए किसानों में भारी उत्साह है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले में अब तक 9,116 स्लॉट बुकिंग दर्ज की जा चुकी है। बड़ी संख्या में बुकिंग होने से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले सप्ताह में केंद्रों पर आवक में और अधिक तेजी आएगी। :: परिवहन और भुगतान पर कलेक्टर की पैनी नजर :: कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपार्जन केंद्रों पर तौल की प्रक्रिया में पारदर्शिता रहे और खरीदे गए अनाज का समय पर परिवहन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज का भुगतान प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए बैंक और नागरिक आपूर्ति निगम के साथ समन्वय बनाकर समयबद्ध भुगतान की निगरानी की जा रही है। प्रकाश/10 अप्रैल 2026