:: इंदौर जिला सबसे आगे, 30 हजार स्थानों पर रूफ टॉप सोलर से रोशन हो रहे घर :: इंदौर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने मालवा और निमाड़ अंचल में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की नई क्रांति ला दी है। पश्चिम मध्यप्रदेश में अब छतों से सौर ऊर्जा उत्पादन करने वाले उपभोक्ताओं (नेट मीटर) की संख्या 60 हजार के पार पहुँच गई है। खास बात यह है कि इस उपलब्धि में इंदौर जिला शीर्ष पर है, जहाँ अकेले करीब 30 हजार घरों व संस्थानों की छतों पर सोलर पैनल बिजली उगल रहे हैं। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की त्वरित मंजूरी दी जा रही है। यही कारण है कि रूफ टॉप नेट मीटर लगाने वालों की संख्या में ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है। उपभोक्ताओं को पात्रतानुसार सब्सिडी का लाभ सीधे उनके बैंक खातों (डीबीटी) में मिल रहा है। :: 327 करोड़ की सब्सिडी से मिली राहत :: एमडी श्री सिंह के अनुसार, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अब तक पश्चिम मध्यप्रदेश के करीब 42 हजार उपभोक्ताओं को 327 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए सोलर प्लांट लगवाना अब काफी आसान और किफायती हो गया है। विद्युत कंपनी के अनुसार, अब तक 43 हजार से अधिक स्थानों पर नए सौर ऊर्जा संयंत्र सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इंदौर की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि यहाँ के नागरिक पर्यावरण संरक्षण और बिजली बिल में बचत के प्रति सर्वाधिक जागरूक हैं। विभाग का लक्ष्य आने वाले समय में हर घर की छत को बिजली उत्पादन का केंद्र बनाना है, ताकि पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम हो सके। प्रकाश/10 अप्रैल 2026