:: पश्चिम क्षेत्र कंपनी ने माफ किए 39 करोड़ के सरचार्ज; 15 मई तक उठा सकते हैं योजना का लाभ :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन ऊर्जा विभाग द्वारा बकायादार बिजली उपभोक्ताओं के लिए शुरू की गई समाधान योजना मालवा-निमाड़ अंचल में राहत की बड़ी लहर लेकर आई है। इस योजना के माध्यम से पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अब तक 9 लाख 1 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को 39.22 करोड़ रुपये की सरचार्ज माफी का लाभ प्रदान किया है। योजना की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिजली कंपनी के कोष में अब तक 291 करोड़ रुपये का राजस्व जमा हो चुका है। यह योजना उन उपभोक्ताओं के लिए संजीवनी साबित हो रही है, जिनका बिजली बिल तीन माह या उससे अधिक समय से बकाया है। :: 15 मई तक मौका : 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफी :: बिजली कंपनी के अनुसार, समाधान योजना आगामी 15 मई तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत पात्र उपभोक्ताओं को बकाया राशि पर लगने वाले सरचार्ज (अधिभार) में 90 प्रतिशत तक की बड़ी छूट दी जा रही है। कंपनी ने अपील की है कि जो उपभोक्ता अब तक इस योजना से नहीं जुड़ पाए हैं, वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना लाभ उठाएं। :: यहाँ ले सकते हैं जानकारी :: योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली वितरण केंद्र (जोन कार्यालय) पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी के आधिकारिक पोर्टल mpwz.co.in पर जाकर भी छूट संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है और बकाया बिल का भुगतान किया जा सकता है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इस योजना के दायरे में लाकर उनके सिर से बकाया बिल का बोझ कम किया जा सके। प्रकाश/10 अप्रैल 2026