क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना करूमहुआ के पास की बताई जा रही है, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान तिलडेगा निवासी साहिल सिदार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने मित्र को घरजियाबथान छोड़कर बाइक (CG 14 MD 2505) से वापस घर लौट रहा था। जैसे ही साहिल करूमहुआ के पास पहुंचा, अंबिकापुर की ओर से आ रही एक्सयूवी 300 कार (CG 14 MW 4934) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की गति इतनी तेज थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 अप्रैल 2026