क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले में आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों के पास से मोबाइल, नगदी और सट्टे से जुड़े अहम डिजिटल सबूत मिले हैं। पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अठवानी गली खेतपारा निवासी आयुष वाधवानी (22) को आमातालाब रोड स्थित इंडोर स्टेडियम के पास मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलते रंगे हाथ पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक आईफोन और 1200 रुपए नगद बरामद किए गए। जांच में मोबाइल में एक ऑनलाइन सट्टा आईडी मिली, जिसमें करीब 1 लाख रुपए के लेन-देन के प्रमाण पाए गए। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी ने यह सट्टा आईडी महज 7 दिन पहले बनाई थी, जो पड़ोसी राज्य के एक युवक के नेटवर्क से जुड़ी हुई है। पूछताछ में कई अन्य सट्टेबाजों के लिंक भी सामने आए हैं, जिनकी जांच जारी है। इसी मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। सुल्ताना बेगम (53) को रामबाग क्षेत्र से पकड़ा गया, जिसके पास से 1050 रुपए नगद, सट्टा पर्ची, मोबाइल और पेन बरामद हुआ। अकबर अली (38) को रामपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जो सब्जी मार्केट में सट्टा पट्टी के जरिए जुआ संचालित कर रहा था। तीनों आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सट्टेबाजी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 अप्रैल 2026