मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई केपश्चिमी उपनगर अँधेरी स्थित साकीनाका इलाके में शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान प्रशांत इंगले के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ साकीनाका पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 1.10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एक महिला का फोन आया। महिला ने शिकायत की कि उसका पति शराब के नशे में उसे पीट रहा है। सूचना मिलते ही साकीनाका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो आरोपी अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह और ज्यादा आक्रामक हो गया। आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी प्रदीप पाटील के साथ गाली-गलौज की और उन पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मी का वॉकी-टॉकी भी छीन लिया। बहरहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की जाँच कर रही है। संजय/संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस