क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस) । बीते कुछ समय से शहर के वार्ड नंबर 18 भार्गव एवं नजूल कॉलोनी में एयरटेल कंपनी द्वारा टावर के लिए अंडरग्राउंड लाइन डालने का काम किया जा रहा था। इसके लिए हर 100 मीटर पर गड्ढा खुदाई कर भारी मशीन से जमीन के भीतर पाइपलाइन बिछाई जा रही थी। इससे एक तरफ मटेरियल, कीचड़ आदि से सड़क खराब हो रही थी, आवागमन में परेशानी हो रही थी। नागरिकों ने इसकी शिकायत की तो पता चला कंपनी द्वारा बिना अनुमति काम किया जा रहा है। मामले में शनिवार सुबह मुख्य नगर पालिका अधिकारी मंजुषा खत्री, नजूल कॉलोनी पहुंची और खोदे गये गड्ढों का जायजा लिया। एयरटेल कंपनी द्वारा एक ही जगह पर 5 से 7 गड्ढे खोद दिए थे और उनकी भरवाई भी नहीं की जा रही थी। निरीक्षण में पता चला कि कम्पनी वाले नपा की बगैर अनुमति काम कर रहे थे, व कहा जा रहा था नगर पालिका के इंजीनियर गड्ढे भरवाएंगे। लेकिन जब सीएमओ खुद मौके पर पहुंची तो खुलासा हुआ कि बिना अनुमति काम किया जा रहा है। सीएमओ ने स्टाफ को मौके पर जमकर लताड़ा और तत्काल कंपनी और इंजीनियर को नोटिस भी दिए। उन्होंने नागरिकों से कहा कि एयरटेल कम्पनी को नपा द्वारा कोई अनुमति नहीं दी गई। सीएमओ ने आत्मीयता के साथ नागरिकों से सम्मान सहित संवाद करते हुए अन्य समस्याओं का भी संज्ञान लिया। साफ-सफाई, नालियों की सफाई, पार्क आदि को भी सीएमओ ने नागरिकों के साथ देखा। बड़ी संख्या में नागरिक इस दौरान मौजूद रहे। सीएमओ के औचक निरीक्षण की सूचना लगते वार्ड के पार्षद कैलाश धाकड़ भी मौके पर आ गए। इस दौरान सराहनीय कार्य और नागरिकों की प्रशंसा के बाद मौके पर मिली महिला सफाई कर्मी सविता बाई को सम्मानित करने की बात सीएमओ ने कही। पार्क के पास मटेरियल मिलने पर ट्रैक्टर ट्राली से तुरंत मलवा भरवाया। पार्क में नल, साफ सफाई, नवनिर्मित सड़कों के गड्ढे भरवाने सहित स्टाफ को अनेक निर्देश सीएमओ ने मौके पर ही दिए। आमजन को साफ सफाई का महत्व बताया। कई लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। इस पर सीएमओ ने कहा सभी की समस्याओं को प्राथमिकता पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर नियम अनुसार हल करेंगे। युवा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य मोहनराज मीणा निवासी भार्गव कालोनी ने सीएमओ को रास्ते से गुजरते देखा तो उन्होंने स्थानीय निवासी के परिवार के लिए आवास और दूसरी महिला के लिए पेंशन की मांग उठा दी। सीएमओ ने संबंधित महिलाओं और परिवार से उनके घर जाकर मुलाकात की। सीएमओ मंजुषा खत्री ने तकनीकी अमले को भी फटकार कहा आप लोग समय पर आकर सड़कों के हाल देखें तो आज मुझे को निरीक्षण की नौबत नहीं आती। इसके पश्चात मुख्य नगर पालिका अधिकारी डलवाल के साथ बाढ़ क्रमांक 27 राधा कॉलोनी हनुमान कॉलोनी का निरीक्षण करने पहुंचे जहां पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष शेखर वशिष्ठ द्वारा पुलिया की समस्या बताई गई जिससे कम द्वारा शीघ्र ही निराकरण करने का आशा संध्या इस दौरान शेखर वशिष्ठ ने सभी 59 कार्यों की स्वीकृति प्राप्त करने पर सीएमओ व तकनीकी स्टाफ को बधाई दी। भ्रमण के दौरान नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी,उपयंत्री सुनील कुमार जैन,विवेक श्रीवास्तव, शकील खान, अमित आर्य, बृजमोहन खरे आदि उपस्थित रहे।- सीताराम नाटानी ईएमएस