खेल
11-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आईपीएल 2026 में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ शुक्रवार को हुए रोमांचक मुकाबले में उन्होंने मात्र 26 गेंदों पर 78 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। अपनी इस तूफानी पारी के दौरान वैभव ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया, जिससे राजस्थान रॉयल्स ने गत चैंपियन आरसीबी को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। बिहार के समस्तीपुर से आने वाले 15 वर्षीय वैभव के लिए यह दूसरा मौका है जब उन्होंने आईपीएल में इतनी कम गेंदों पर फिफ्टी पूरी की है। अब वह आईपीएल के इतिहास में 15 या उससे कम गेंदों पर एक से ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के रिकॉर्ड की बराबरी की है। इस सीजन में वह ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर चुके हैं, जो उनकी शानदार फॉर्म का प्रमाण है। वैभव ने आईपीएल 2026 में ही आरसीबी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ते हुए 17 गेंदों पर 52 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। वहीं, जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए यह कारनामा दो बार किया था, हालांकि पिछले साल फ्लॉप रहने के बाद अब वह आईपीएल में किसी टीम का हिस्सा नहीं हैं। वैभव की उम्र के बच्चे जहां दसवीं बोर्ड के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, वहीं वह मैदान पर बड़े-बड़े गेंदबाजों की बखिया उधेड़ रहे हैं। मैच की बात करें तो 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर धमाकेदार शुरुआत दी। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज जोश हेजलवुड और युवा तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह की गेंदों पर लगातार प्रहार किए। 300 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए, उन्होंने ध्रुव जुरेल (43 गेंदों पर नाबाद 81 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए महज 6.1 ओवर में 108 रनों की विस्फोटक साझेदारी की, जिससे रॉयल्स ने दो ओवर शेष रहते ही आसानी से जीत दर्ज कर अपना विजयी अभियान जारी रखा। इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने कप्तान रजत पाटीदार के 40 गेंदों पर 63 रन (4 चौके, 4 छक्के) की शानदार पारी की बदौलत 8 विकेट पर 201 रन बनाए थे। एक समय आरसीबी ने 94 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन पाटीदार ने मोर्चा संभाला। उनके अलावा विराट कोहली (16 गेंदों पर 32 रन) और इंपैक्ट सब वेंकटेश अय्यर (15 गेंदों पर 29 रन) के उपयोगी योगदान से टीम एक चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रही थी, लेकिन वैभव और जुरेल के तूफान के आगे यह नाकाफी साबित हुआ। डेविड/ईएमएस 11 अप्रैल 2026