अंतर्राष्ट्रीय
11-Apr-2026
...


वॉशिंगटन(ईएमएस)। कैलिफोर्निया के गवर्नर पद के लिए प्रमुख डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और कांग्रेस सदस्य एरिक स्वॉलवेल पर यौन दुराचार और रेप के गंभीर आरोपों ने अमेरिकी राजनीतिक हलकों में सनसनी फैला दी है। यह आरोप उनकी एक पूर्व महिला स्टाफ सदस्य सहित कुल चार महिलाओं ने लगाए हैं। इन आरोपों में बिना सहमति के शारीरिक संबंध बनाना, अनुचित व्यवहार और आपत्तिजनक संदेश भेजने जैसे गंभीर दावे शामिल हैं। हालांकि, स्वॉलवेल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें एक राजनीतिक साजिश करार दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, एक पूर्व स्टाफर ने आरोप लगाया है कि साल 2024 में न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम के दौरान स्वॉलवेल ने उनका रेप किया था। महिला का दावा है कि उस समय वह अत्यधिक नशे की हालत में थीं और उनके बार-बार मना करने के बावजूद कांग्रेस सदस्य नहीं रुके। पीड़िता ने यह भी बताया कि इससे पहले 2019 में भी उनके साथ इसी तरह का व्यवहार हुआ था, जिसकी उन्होंने उस समय डर के कारण शिकायत नहीं की थी। तीन अन्य महिलाओं ने भी स्वॉलवेल पर इसी तरह के पैटर्न का आरोप लगाया है, जिसमें पहले सोशल मीडिया पर दोस्ताना बातचीत करना और फिर उसे यौन दिशा में मोड़कर अश्लील सामग्री भेजना शामिल है। इन आरोपों के जवाब में एरिक स्वॉलवेल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, ये सभी आरोप पूरी तरह झूठे हैं और आगामी चुनाव को देखते हुए मेरी छवि खराब करने के उद्देश्य से लगाए गए हैं। स्वॉलवेल के वकील ने आरोप लगाने वाली महिलाओं को कानूनी नोटिस भेजकर अपने बयान वापस लेने की चेतावनी दी है। उनका तर्क है कि ये महिलाएं लंबे समय तक स्वॉलवेल के संपर्क में रहीं, जो उनके आरोपों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाता है। दूसरी ओर, जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य भी सामने आए हैं जो स्वॉलवेल की मुश्किल बढ़ा सकते हैं। पूर्व स्टाफर के परिवार और दोस्तों ने पुष्टि की है कि पीड़िता ने घटना के तुरंत बाद उन्हें इसके बारे में जानकारी दी थी। साथ ही, कुछ संदेश और मेडिकल रिकॉर्ड भी साक्ष्य के तौर पर साझा किए गए हैं। हालांकि, स्वॉलवेल के साथ काम करने वाली कुछ अन्य महिला सहयोगियों ने उनका बचाव करते हुए उन्हें एक सम्मानित बॉस बताया है। फिलहाल, यह मामला कानूनी और राजनीतिक रूप से एक जटिल मोड़ पर है, जिसने स्वॉलवेल के गवर्नर बनने के सपने पर संकट के बादल मंडरा दिए हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/11अप्रैल2026 ---------------------------------