अंतर्राष्ट्रीय
11-Apr-2026


इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज होने वाली अमेरिका और ईरान के बीच ऐतिहासिक शांति वार्ता से ठीक पहले प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देश के नाम एक भावुक संबोधन दिया। इस वार्ता को क्षेत्र में स्थिरता लाने का एक ईश्वरीय अवसर बताते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से इसकी सफलता के लिए अल्लाह से सामूहिक प्रार्थना करने का आह्वान किया। ईरानी प्रतिनिधिमंडल के आगमन और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस की टीम के पहुंचने की तैयारियों के बीच पीएम शरीफ ने इस कूटनीतिक जीत को सीधे जनता की राहत से जोड़ दिया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अल्लाह की विशेष कृपा है कि अमेरिका और ईरान जैसे दो बड़े देशों ने पाकिस्तान को एक तटस्थ स्थल के रूप में चुना है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय उप-प्रधानमंत्री इशाक डार और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के संयुक्त प्रयासों को दिया। शहबाज के अनुसार, पाकिस्तान की सेना और कूटनीतिक नेतृत्व ने पश्चिम एशिया में एक संभावित महायुद्ध को रोकने में वैश्विक सेवा की है, जिससे संघर्ष की स्थिति अब अल्हम्दुलिल्लाह शांति वार्ता की ओर मुड़ गई है। इस भू-राजनीतिक सफलता के बीच, प्रधानमंत्री ने देश की जनता को एक बड़ा आर्थिक तोहफा देते हुए पेट्रोलियम कीमतों में भारी कटौती की घोषणा की। सरकार ने हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में 135 रुपये की रिकॉर्ड कमी की है, जिसके बाद अब इसकी नई कीमत 385 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, पेट्रोल की कीमतों में भी 12 रुपये की कटौती की गई है, जिससे अब यह 366 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलेगा। ये नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री ने इन कटौतियों को सीधे अमेरिका-ईरान युद्धविराम और शांति वार्ता की सफलता से जोड़ा। उन्होंने संकेत दिया कि मध्य पूर्व में तनाव कम होने से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला सुधरेगी और घरेलू महंगाई पर दबाव कम होगा। यह कदम न केवल पाकिस्तानी जनता के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, बल्कि इसे 2026 के सबसे चुनौतीपूर्ण कूटनीतिक हालातों को सफलतापूर्वक संभालने के प्रतिफल के रूप में देखा जा रहा है। वर्तमान में पूरा इस्लामाबाद एक किले में तब्दील है और दुनिया की नजरें इस बात पर हैं कि क्या इस मेज से स्थायी शांति का रास्ता निकलेगा। वीरेंद्र/ईएमएस/11अप्रैल2026 ---------------------------------