11-Apr-2026
...


नालंदा, (ईएमएस)। बिहार के नालंदा जिले में लंबे समय से लंबित हत्याकांड के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नालंदा पुलिस द्वारा प्रस्तुत ठोस साक्ष्यों और समर्पित चार्जशीट के आधार पर माननीय न्यायालय एडीजे-01 हिलसा ने एकंगरसराय थाना कांड संख्या-20/99 में सुनवाई पूरी की। अदालत ने मामले में अभियुक्त वीरमणी प्रसाद, मालती देवी एवं चन्द्रमणी प्रसाद को विभिन्न धाराओं में दोषी पाया। न्यायालय ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 323 के तहत तीनों को 1 वर्ष की कारावास, धारा 341 के तहत 1 माह की कारावास की सजा सुनाई। वहीं, सबसे गंभीर धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी पाते हुए तीनों अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा दी गई। साथ ही प्रत्येक दोषी पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस