रोहतास, (ईएमएस)। बिहार पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। रोहतास जिले में साइबर थाना पुलिस ने ठगी के मामले का खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 मई 2025 को रोहतास जिले के साइबर थाना में एक वादी ने आवेदन देकर बताया कि ग्राम पंचायत सचिव की बहाली में नौकरी दिलाने और ट्रेनिंग के नाम पर उससे करीब साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी की गई। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान यह सामने आया कि वादी द्वारा संदिग्ध खाते में कुल 1,58,999 रुपये ट्रांसफर किए गए थे। जांच में बैंक नोडल अधिकारियों की मदद से खाते के धारक की पहचान आशीष कुमार, निवासी नालंदा के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आशीष कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर रोशन कुमार, निवासी नालंदा के घर पर छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। अब पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस