11-Apr-2026
...


मुजफ्फरपुर, (ईएमएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बढ़ते साइबर अपराध के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। मुजफ्फरपुर साइबर थाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को उसकी पूरी रकम वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार, साइबर थाना कांड संख्या-102/25 के तहत दर्ज मामले में अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा पीड़ित से कुल 1,28,000 रुपये की ठगी कर ली गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। साइबर थाना की टीम ने तकनीकी अनुसंधान और बैंकिंग समन्वय के माध्यम से ठगी गई राशि का ट्रैक किया। लगातार प्रयासों और सटीक कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूरी राशि को सुरक्षित कर पीड़ित के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दिया। इस उपलब्धि पर साइबर थाना के अधिकारियों ने बताया कि समय पर शिकायत दर्ज कराने और सही जानकारी देने से इस तरह के मामलों में सफलता मिलने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन से सावधान रहें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें। उधर पीड़ित ने अपनी रकम वापस मिलने पर मुजफ्फरपुर साइबर थाना का आभार व्यक्त किया है। बहरहाल इस कार्रवाई से न केवल पीड़ित को राहत मिली है, बल्कि आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस