बैठक का मकसद- लंबे समय से चल रहे तनाव का पक्का और मजबूत हल निकले इस्लामाबाद,(ईएमएस)। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस्लामाबाद पहुंचे जहां उनका स्वागत किया गया। उनका विमान पाकिस्तान की धरती पर लैंड हुआ और अब सबकी नजरें उस ऐतिहासिक शांति वार्ता पर लगी हैं। मीडिया रिपोर्ट में बताया कि तय कार्यक्रम के मुताबिक जेडी वेंस सबसे पहले पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे, जिसके बाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर बातचीत का मुख्य दौर शुरू होगा। बता दें कि पाकिस्तान के पीएम शहबाज ने इस मुलाकात की अहमियत को दुनिया के सामने रखते हुए इसे मेक-ऑर-ब्रेक यानी (करो या मरो) वाली स्थिति बताया है। उनके मुताबिक यह बातचीत स्थायी युद्धविराम की दिशा में आखिरी और सबसे बड़ा मौका है। पूरे मिडिल ईस्ट की शांति इस बैठक के नतीजों पर टिकी है। पाकिस्तान इस महावार्ता की मेजबानी कर रहा है और उसकी कोशिश है कि लंबे समय से चल रहे इस तनाव का पक्का और मजबूत हल निकले। वहीं, आगे की बातचीत को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने सस्पेंस बरकरार रखा है। उन्होंने पिछली अमेरिकी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोग 47 साल से सिर्फ बातें ही कर रहे थे। उन्होंने दो टूक लहजे में कहा कि यह बैठक ही यह तय करेगी कि आगे क्या होगा। ट्रंप ने साफ नहीं किया कि यह आखिरी मुलाकात होगी या आगे भी दौर चलेगा, बस इतना कहा कि हमें देखना होगा कि इस बैठक का क्या नतीजा निकलता है। इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता के लिए अमेरिका की हाई-प्रोफाइल टीम पाकिस्तान पहुंच चुकी है। अमेरिकी डेलिगेशन की अगुवाई कर रहे जारेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ अब से कुछ ही देर में ईरानी पक्ष के साथ बातचीत शुरू करेंगे। पाकिस्तानी सूत्रों के मुताबिक यह टीम राष्ट्रपति ट्रंप का सीधा संदेश लेकर आई है। सिराज/ईएमएस 11अप्रैल26