खेल
11-Apr-2026


ध्रुव जुरेल ने 15 वर्षीय साथी खिलाड़ी की तारीफ में कही बड़ी बात गुवाहाटी (ईएमएस)। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल, जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से लगातार प्रभावित कर रहे हैं, ने अपने युवा साथी वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार 81 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले जुरेल ने कहा कि 15 वर्षीय सूर्यवंशी बल्लेबाजी को उतना आसान बना देता है, जितना वह नहीं है। जुरेल ने आरसीबी के खिलाफ सिर्फ 43 गेंदों में 81 रन ठोककर टीम को लगातार चौथी जीत दिलाई, जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जुरेल ने अपने बल्लेबाजी क्रम को लेकर लचीलापन दिखाया। उन्होंने कहा, मैं पिछले साल पांचवें-छठे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहा था। आखिर में तो लक्ष्य मैच जीतना होता है। प्रबंधन ने मुझ पर भरोसा करके तीसरे नंबर पर भेजा है। यह महज एक नंबर है। मैं कोई विशेष नंबर नहीं चाहता। मेरा स्वभाव ऐसा ही है। अगर मुझे आठवें नौवें नंबर पर भी भेजेंगे तो मैं योगदान देकर खुश रहूंगा। टीम को जहां मेरी जरूरत है, मैं तैयार हूं। हालांकि, उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय काफी हद तक टीम के सबसे युवा सदस्य वैभव सूर्यवंशी को दिया। राजस्थान के लिए सिर्फ 15 साल की उम्र में खेल रहे वैभव सूर्यवंशी ने आरसीबी के खिलाफ 26 गेंद में 78 रन की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें 8 चौके और सात छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 300 का रहा, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। जुरेल ने सूर्यवंशी के बारे में कहा, जब मैं तीसरे नंबर पर उतरता हूं तो वैभव सूर्यवंशी मेरा काम आसान कर देता है। वैभव हर गेंद पर पीट रहा था और उसे देखकर आपको लगता है कि विकेट में कुछ नहीं है। क्रिकेट उतना आसान नहीं है जितना वह बना देता है। जुरेल ने आगे कहा, जब आपको पता है कि वह गेंद को बखूबी पीट रहा है और दबाव भी है कि वह इतना अच्छा खेल रहा है और मुझे भी कुछ करना है। ऐसे में भी आसानी होती है क्योंकि आपको लगता है कि वह इतना अच्छा खेल रहा है तो मैं भी खेल सकता हूं। सूर्यवंशी ने इस सीजन में नामी-गिरामी गेंदबाजों को धुल चटाई है। पिछले मैच में जहां उन्होंने जसप्रीत बुमराह का सामना किया, वहीं इस बार उन्होंने टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज जोश हेजलवुड की गेंदों पर लगातार तीन चौके जड़े। 300 के स्ट्राइक रेट से रन बनाना और अपनी आयु से कहीं अधिक परिपक्वता दिखाना, यह दर्शाता है कि सूर्यवंशी सिर्फ रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने नहीं, बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी की नई परिभाषा गढ़ने के इरादे से मैदान पर उतरते हैं। ध्रुव जुरेल की ये टिप्पणियां वैभव की असाधारण प्रतिभा और टीम पर उनके सकारात्मक प्रभाव को स्पष्ट रूप से उजागर करती हैं। डेविड/ईएमएस 11 अप्रैल 2026