11-Apr-2026
...


पुणे, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पुरंदर तालुका स्थित खानवडी गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य के मंत्री छगन भुजबल के दौरे के दौरान शनिवार को उनका हेलिकॉप्टर तय हेलिपैड पर उतरने के बजाय सीधे कार पार्किंग में उतार दिया गया। इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और चिंता का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, खानवडी में ‘ज्योति सावित्री जिला परिषद स्कूल’ के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए छगन भुजबल पहुंचे थे। प्रशासन की ओर से हेलिकॉप्टर लैंडिंग के लिए उचित हेलिपैड की व्यवस्था की गई थी। लेकिन जैसे ही हेलिकॉप्टर पहुंचा, पायलट ने निर्धारित स्थान पर उतरने के बजाय वाहन पार्किंग क्षेत्र में ही लैंडिंग कर दी। हेलिकॉप्टर के अचानक पार्किंग में उतरने से वहां मौजूद लोगों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कुछ समय के लिए डर और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि गलती का एहसास होते ही हेलिकॉप्टर को बाद में निर्धारित हेलिपैड पर शिफ्ट किया गया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है, इसे लेकर जांच की मांग उठ रही है। प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के संकेत दिए हैं। इस बीच, छगन भुजबल ने अपने निर्धारित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले की स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की और स्कूल का उद्घाटन किया। फिलहाल, इस घटना ने वीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा और समन्वय व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत जताई जा रही है। जतिन/संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस