11-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल के हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा है कि इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। घटना के दौरान मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन पायलट की लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार, क्रांतिज्योति महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती के अवसर पर पुणे के पुरंदर तालुका के खानवडी गांव में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंत्री छगन भुजबल शनिवार को हेलिकॉप्टर से पहुंच रहे थे। प्रशासन ने पहले से सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए एक निर्धारित हेलिपैड तैयार किया था। हालांकि, जब हेलिकॉप्टर खानवडी के ऊपर पहुंचा, तो पायलट ने नीचे जगह तलाशते समय गलती कर दी। उसने वाहन पार्किंग की खाली जगह को हेलिपैड समझ लिया और वहीं हेलिकॉप्टर उतारने लगा। जैसे ही हेलिकॉप्टर पार्किंग में उतरने लगा, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को भांप लिया। हेलिकॉप्टर के पहिए जमीन छूते ही पुलिस ने पायलट को आवाज लगाकर बताया कि यह अधिकृत हेलिपैड नहीं है। अपनी गलती समझते ही पायलट ने तुरंत हेलिकॉप्टर को दोबारा उड़ान भराई और कुछ दूरी पर बने सुरक्षित हेलिपैड पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि पायलट की लापरवाही की पूरी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल जरूर बन गया था। संजय/संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस