11-Apr-2026


* नवसारी से कच्छ तक बिना मुकाबले जीते उम्मीदवार, कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों के लिए मतदान अभी बाकी है, लेकिन भाजपा ने पहले ही अपनी जीत का बिगुल बजा दिया है। राज्य के नवसारी, खेड़ा, कच्छ, तापी और पाटन जैसे विभिन्न जिलों में कई सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार बिना किसी मुकाबले के विजयी घोषित हो गए हैं। दरअसल, इन सीटों पर विपक्षी दलों या निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन तक दाखिल नहीं किया, जिससे भाजपा उम्मीदवारों को सीधी जीत मिल गई। चुनाव से पहले ही आए इन परिणामों ने पार्टी कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है। दक्षिण गुजरात के नवसारी जिले में भाजपा ने खासा प्रभाव दिखाया है। यहां कुल 9 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार बिन विरोध जीत गए हैं। इनमें जिला पंचायत की 3 और गणदेवी तालुका पंचायत की 6 सीटें शामिल हैं। जिला पंचायत की बिगरी सीट से भीखू पटेल, घेज सीट से अमिताबेन और देवसर सीट से रेखा पटेल निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं गणदेवी तालुका की बिगरी-1, बिगरी-2, देवसर-2, मासा, भाठा और अजराई सीटों पर भी भाजपा उम्मीदवारों की बिना मुकाबले जीत हुई है। तापी जिले के व्यारा में वार्ड नंबर 5 में भाजपा की पूरी पैनल ही निर्विरोध चुनी गई है। दिलीप जाधव, दृष्टि अनमोल, अनिल सीरसाथ और निमिषा चौधरी को बिना किसी विरोध के जीत मिली है। खेड़ा तालुका पंचायत की परसातज सीट पर भाजपा के रायसंगभाई गोहिल के खिलाफ कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरा, जिससे वे सीधे विजयी घोषित हुए। वहीं पाटन तालुका पंचायत की टुवड सीट पर भी भाजपा की गायत्रीबेन बिना मुकाबले जीत गईं। कच्छ जिले की नखत्राणा नगर पालिका में भाजपा ने मतदान से पहले ही 2 सीटें अपने नाम कर ली हैं। वार्ड नंबर 4 और 5 में मनन लुहार और मधुबेन सुथार निर्विरोध विजेता बने हैं। मतदान से पहले ही मिली इन एकतरफा जीतों ने भाजपा के स्थानीय संगठनों में जबरदस्त उत्साह भर दिया है। यह रुझान आगामी मतदान के परिणामों पर भी असर डाल सकता है। सतीश/11 अप्रैल