:: मंत्री तुलसी सिलावट ने नलकूप खनन के लिए स्वीकृत की एक लाख की राशि :: इंदौर (ईएमएस)। बिजासन रोड स्थित अविनाशी अखंड धाम आश्रम द्वारा ग्राम जम्बूडी हप्सी में संचालित गौशाला के कायाकल्प और नवनिर्मित मंदिर को पूर्णता देने की तैयारी तेज हो गई है। गौशाला के जीर्णोद्धार एवं मंदिर निर्माण की समीक्षा के लिए रविवार, 12 अप्रैल को दोपहर 12 बजे गौशाला परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई है। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. चेतन स्वरूप एवं स्वामी राजानंद ने बताया कि जम्बूडी हप्सी में मंदिर निर्माण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। मंदिर के तीनों शिखरों का निर्माण और प्लास्टर का कार्य संपन्न हो चुका है। अब मुख्य रूप से फ्लोरिंग, मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा और गौशाला के विस्तारीकरण का कार्य शेष है। रविवार को होने वाली बैठक में इन्हीं कार्यों की समयसीमा तय की जाएगी। प्रस्तावित मंदिर में भगवान राधा-गोविंद, शिव परिवार और वीर हनुमान की प्रतिमाएं विराजित की जाएंगी। गौशाला में जल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने अपने प्रतिनिधि अशोक गोयल की अनुशंसा पर नलकूप (ट्यूबवेल) खनन हेतु एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। मंत्री सिलावट ने इसका संकल्प पत्र महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरूप को भेंट किया। गौशाला परिसर में होने वाली इस बैठक में समाजसेवी विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, जगदीश बाबाश्री, राजेश पंवार सहित व्यवस्था प्रभारी हरि अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। आश्रम से जुड़े भक्त मंडल के पं. योगेन्द्र महंत, नारायण अग्रवाल (420 पापड़), ज्योति प्रतीक श्रीवास्तव, किशोर गोयल एवं अशोक गोयल ने भी इस पुनीत कार्य में हरसंभव सहयोग का संकल्प दोहराया है। प्रकाश/11 अप्रैल २०२६ संलग्न चित्र - इंदौर। अविनाशी अखंड धाम आश्रम की जम्बूडी हप्सी गौशाला में नलकूप खनन हेतु जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट एक लाख रुपये की सहयोग राशि का संकल्प पत्र महामंडलेश्वर स्वामी चेतन स्वरूप को भेंट करते हुए। पास ही स्वामी राजानंद, हरि अग्रवाल एवं अशोक गोयल मौजूद हैं।