देहरादून (ईएमएस)। भारतीय किसान यूनियन तोमर के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चैहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कई बार किसानों की समस्याओं से अवगत कराए जाने के बाद आज तक हल न किए जाने पर 14 अप्रैल को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दून आगमन पर गणेशपुर में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपेंगे और काली पटटी बांधकर विरोध भी दर्ज करेंगे। यहां परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार लगातार किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रही है जिससे किसान यूनियन ने प्रधानमंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ने का भुगतान पांच सौ रूपए प्रति कंुतल के हिसाब से किया जाए और इकबाल पुर शुगर मिल में किसानों का तीन साल से बकाये का भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही साथ तीन साल से भुगतान न मिलने से किसानों के समक्ष अनेक समस्याएं उत्पन्न हो रही है और उनके समक्ष आर्थिक संकट पैदा हो गया है। किसानों के मुकदमें थानों में दर्ज नहीं हो रहे है और सरकार नलकूप के बकाया बिलों को तत्काल प्रभाव से माफ करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार चरम पर है इस पर शीघ्र ही रोक लगाई जाए। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/11 अप्रैल 2026