उद्घाटन में वदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गरिटा एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी थे शामिल देहरादून (ईएमएस)। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूडी भूषण ने विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गरिटा एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के साथ कोटद्वार तहसील परिसर में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि इस डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए दूरदराज के शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इससे आम जनता का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा। अपने संबोधन में उन्होंने कोटद्वार की प्रमुख जनहित से जुड़ी मांगों का भी उल्लेख किया, जिन्हें उन्होंने बिंदुओं के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि कोटद्वार में पीजीआई स्तर के बड़े अस्पताल की स्थापना की मांग, कोटद्वार रेलवे स्टेशन का नाम “कण्व नगरी स्टेशन” किए जाने की मांग, कोटद्वार से देहरादून एवं लखनऊ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग, कण्वाश्रम के समग्र विकास की मांग है। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूर्ण होने से कोटद्वार क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य, पर्यटन एवं परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गरिटा ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक तक सुविधाएं पहुंचाना है और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर पासपोर्ट सेवाएं सुलभ और सरल होंगी। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह केंद्र कोटद्वार के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, विधायक लैंसडाउन दिलीप सिंह रावत, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर कोटद्वार शैलेन्द्र सिंह रावत, राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल, राज्य मंत्री राजेन्द्र अंथवाल, विदेश मंत्रालय से ज्वाइंट सेक्रेटरी एस कोवेंथन, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी देहरादून अनुज स्वरूप, तथा डाक विभाग से निदेशक अनुसूया प्रसाद चमोला, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शशिबाला केष्टवाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शांता बमराडा सहित अन्य गणमान्य अतिथि, प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/11 अप्रैल 2026