अंतर्राष्ट्रीय
12-Apr-2026
...


तेहरान,(ईएमएस)। इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित शांति वार्ता के बीच एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों और हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को फिलहाल पूरी तरह से नहीं खोल सकता। इसका कारण कोई राजनीतिक गतिरोध नहीं, बल्कि वे समुद्री माइंस हैं, जिन्हें ईरान ने पिछले महीने युद्ध के दौरान खुद बिछाया था। विडंबना यह है कि ईरान अब खुद इन माइंस की सटीक लोकेशन का पता लगाने में असमर्थ है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने संघर्ष के दौरान ईरान ने छोटे जहाजों का उपयोग करके होर्मुज के जलक्षेत्र में बड़ी संख्या में माइंस बिछाई थीं। यह प्रक्रिया व्यवस्थित सैन्य ऑपरेशन के बजाय काफी अफरातफरी में की गई थी। इसके चलते कई माइंस की लोकेशन का रिकॉर्ड नहीं रखा गया। वहीं, कुछ माइंस समुद्री धाराओं के तेज बहाव के कारण अपनी मूल जगह से खिसक कर दूर बह गई हैं। अब ये माइंस ईरान के लिए एक बड़ी तकनीकी चुनौती बन गई हैं, क्योंकि जब तक इन्हें हटाया नहीं जाता, तब तक इस रास्ते से गुजरने वाले किसी भी जहाज के लिए बड़ा खतरा बना रहेगा। ईरान के सामने वर्तमान में दोहरी समस्या खड़ी है। पहली यह कि उसे खुद नहीं पता कि सभी घातक माइंस समुद्र में कहां छिपी हैं। दूसरी, जिन माइंस की जानकारी उपलब्ध है, उन्हें हटाने के लिए ईरान के पास पर्याप्त तकनीकी क्षमता की कमी है। इसी जटिलता के कारण ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने हाल ही में संकेत दिया था कि होर्मुज को ‘तकनीकी सीमाओं’ को ध्यान में रखते हुए ही खोला जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि उनका यह बयान सीधे तौर पर माइंस से उत्पन्न खतरे की ओर इशारा था। हालांकि, ब्रिटेन जैसे देशों के पास माइंस हटाने की उन्नत तकनीक है, जो इस संकट के समाधान में सहायक हो सकती है। होर्मुज जलडमरूमध्य का महत्व इसी बात से समझा जा सकता है कि दुनिया के कुल तेल और एलएनजी आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी संकरे रास्ते से होकर गुजरता है। यहां माइंस बिछाने के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार और शिपिंग उद्योग पर बुरा असर पड़ा है। फिलहाल, ईरान ने एक बहुत ही संकरा सुरक्षित कॉरिडोर खुला रखा है, जहां से चुनिंदा जहाजों को गुजरने की अनुमति दी जा रही है। लेकिन इस कॉरिडोर के आसपास का विशाल समुद्री क्षेत्र अब भी अनिश्चितता और जोखिम के साये में है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कुछ सुरक्षित मार्गों के नक्शे तो जारी किए हैं, लेकिन वे पूरे होर्मुज क्षेत्र की सुरक्षा की गारंटी देने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। वीरेंद्र/ईएमएस 12 अप्रैल 2026