राष्ट्रीय
13-Apr-2026


- सोलन जिले के प्रसिद्ध टूरिस्ट स्पॉट कसौली में तड़के आग से अफरा-तफरी, लाखों के नुकसान की आशंका सोलन (ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के मशहूर पर्यटन स्थल कसौली में सोमवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड हुआ, जिसमें 125 साल पुरानी हेरिटेज मार्केट पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने की इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानें चपेट में आ गईं। जानकारी के अनुसार सुबह करीब चार बजे एक दुकान से आग लगने की शुरुआत हुई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लकड़ी व ज्वलनशील सामग्री के कारण कई अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को सामान निकालने का भी मौका नहीं मिला और वे अपनी जान बचाकर भागने को मजबूर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन पूरी तरह से स्थिति नियंत्रित करने में अभी भी चुनौतियां बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि कुछ खानपान की दुकानों में गैस सिलेंडर मौजूद होने के कारण विस्फोट का खतरा भी बना हुआ है, जिससे राहत और बचाव कार्य में सावधानी बरती जा रही है। कसौली, चंडीगढ़ से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। यह हेरिटेज मार्केट लगभग 125 साल पुरानी बताई जाती है, जो इस हादसे में बुरी तरह प्रभावित हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सतीश मोरे/13अप्रेल ---