ट्रेंडिंग
12-Apr-2026
...


-सिलीगुड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने किया दावा सिलीगुड़ी,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में जनसभा में पीएम मोदी ने अपने दौरे के दूसरे दिन रविवार को दावा किया कि चुनाव के बाद राज्य से टीएमसी का जाना तय है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सिलीगुड़ी में उनके रोड शो में जनता ने जिस तरह का समर्थन और स्नेह दिखाया, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि आज की जनसभा टीएमसी की “नींद उड़ाने वाली” साबित होगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने मदरसों के लिए 6000 करोड़ रुपए खर्च किए, लेकिन राज्य के समग्र विकास पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सरकार केवल अपने “खास वोट बैंक” के लिए काम कर रही है, जबकि आम जनता की जरूरतों को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने पिछले 15 सालों में टीएमसी शासन के दौरान राज्य की स्थिति देखी है और अब समय आ गया है कि सरकार अपने कामकाज का हिसाब दे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है और बीजेपी इस बदलाव का माध्यम बनेगी। पीएम मोदी ने दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों की सभी विधानसभा सीटों पर बीजेपी उम्मीदवारों के लिए समर्थन और वोट की अपील भी की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में जुटने का आह्वान किया। इससे पहले पीएम मोदी ने शनिवार को राज्य के कई हिस्सों-पूर्व वर्धमान, मुर्शिदाबाद और दक्षिण दिनाजपुर में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। वहीं, सिलीगुड़ी पहुंचने के बाद उन्होंने एक रोड शो भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों को देखते हुए बीजेपी और टीएमसी के बीच सियासी मुकाबला लगातार तेज होता जा रहा है, और दोनों दल एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। सिराज/ईएमएस 12अप्रैल26