मुंबई,(ईएमएस)। सिंगर आशा भोसले का सोमवार शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका रविवार को निधन हो गया था। वे 92 साल की थीं। आशा को कई मेडिकल समस्याएं होने के चलते शनिवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था यानी मल्टी-ऑर्गन फेल्योर के कारण उनकी मौत हुई। आशा भोसले ने 82 साल के सिंगिंग करियर में 9 फिल्मफेयर समेत 100 से ज्यादा अवॉर्ड जीते। उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने रविवार को मीडिया को दिए बयान में कहा कि अंतिम दर्शन सोमवार सुबह से शुरू हो गए। लोग वहां सिंगर को आखिरी बार देखने पहुंचे, अगर अंतिम संस्कार में लोग नहीं पहुंचें तो अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि कासा ग्रांड बिल्डिंग में जहां मेरी मां (आशा भोसेले) रहती थीं, वहां लोग दर्शन करने पहुंच रहे हैं। बाद में 4 बजे श्मशान भूमि में ज्यादा लोग न आएं तो अच्छा होगा, क्योंकि वहां भीड़ हो सकती है। सिराज/ईएमएस 13अप्रैल26 ---------------------------------