राष्ट्रीय
13-Apr-2026
...


कल्याण, (ईएमएस)। मुंबई से सटे कल्याण-नगर महामार्ग पर मुरबाड तालुका के गोविली गांव स्थित रायता पुल पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे टिटवाला के पास रायता पुल पर यात्रियों से भरी एक इको टैक्सी और मिक्सर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और इको में सवार सभी 11 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृतक सभी यात्री मुरबाड तालुका के निवासी हैं। वे कल्याण से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की भी मौत हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मरने वालों में आठ पुरुष और तीन महिलाएं हैं। हैरानी की बात यह है कि एक 5-सीटर इको-सीटर कार में 12 लोग ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे और तेज रफ्तार में मुरबाड की ओर जा रहे थे। इस हादसे में बबलू चंदने, जीजा केंबरी, गणपत चंदे, अनंत पवार और भूषण घोरपड़े की मौत हो गई। बाकी 6 लोगों की पहचान का काम अभी भी चल रहा है। बताया गया है कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और बचाव दल की मदद से घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों के शवों को निकालने में भी काफी समय लगा। वहीं हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। रायता पुल का निर्माण कार्य अभी पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है, इसके बावजूद प्रशासन ने जल्दबाजी में पुल की एक लेन (वन-वे) को यातायात के लिए खोल दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि उचित सुरक्षा व्यवस्था के बिना पुल शुरू किए जाने के कारण दोनों दिशाओं से वाहन एक ही लेन पर आ गए, जिससे यह भयानक दुर्घटना हुई। उधर पुलिस के अनुसार, इको टैक्सी में क्षमता से अधिक यात्री बैठे थे, जिससे हादसे की गंभीरता और मृतकों की संख्या बढ़ गई। साथ ही, ओवरटेक करने की कोशिश भी दुर्घटना का एक प्रमुख कारण बताई जा रही है। मृतकों में मुरबाड तहसील कार्यालय के क्लर्क भुषण घोरपडे सहित दो कॉलेज छात्र भी शामिल हैं। बहरहाल इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। - मुख्यमंत्री फडणवीस ने गहरा दुख व्यक्त किया मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी है और कहा है कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। संतोष झा-१३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस