-केंद्रीय मंत्री शाह ने लोगों से कहा आप लोग बेखौफ और बे-रोक-टोक मतदान करना कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के प्रश्चिम मेदिनीपुर में चुनावी रैली को संबोधित कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बॉर्डर पर फेंसिंग के लिए जमीन नहीं दे रहीं हैं और बंगाल में घुसपैठ के लिए बीएसएफ को जबावदेह बता रही है। चुनाली रैली में लोगों को संबोधित कर केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा, आप लोग बेखौफ और बे-रोक-टोक मतदान करना। ममता बनर्जी के किसी भी गुंडे की मजाल नहीं है कि इस बार वहां बंगाल के किसी भी मतदाता को रोक सके। बड़ी संख्या में मतदान करते ही ममता की विदाई तय होगी। भाजपा नेता शाह ने हुमायूं कबीर को सीएम ममता बनर्जी का चेला बता दिया। उन्होंने कहा, ममता दीदी राम मंदिर का विरोध करती थीं और हुमायूं कबीर को बंगाल में आगे कर बाबरी मस्जिद बनाने का सपना दिखा रही हैं। ममता का चेला हुमायूं बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाना चाहता है। कांग्रेस और ममता बनर्जी ने रामलला को 550 सालों तक तंबू के अंदर रखने का समर्थन किया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया। शाह ने कहा, बेरोजगार युवाओं की नौकरियों में अरबों-करोड़ों रुपये खाने वाले टीएमसी के लोग मानते हैं कि हम लोगों ने कुछ नहीं किया होगा। मैं भतीजे को बता कर जाता हूं कि अपने भ्रष्टाचारियों को आगाह कर देना, बीजेपी उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम करेगी। ममता दीदी ने एक जमाने में पूरे भारत का औद्योगिक केंद्र माने जाने वाले बंगाल के युवाओं को बेरोजगार किया है। लेकिन भाजपा ने तय किया है कि बंगाल में बीजेपी सरकार बनते ही 5 बड़े इंडस्ट्रियल एस्टेट बनाकर पूरे बंगाल में इंडस्ट्री वापस लाने का काम पीएम मोदी करने वाले हैं। उन्होंने कहा, हम बंगाल में सत्ता में आते ही यहां यूसीसी लाएंगे। 45 दिन में सरकारी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग देने वाले है। हर दीदी के बैंक अकाउंट में हर महीने 3 हजार रुपये बीजेपी सरकार देगी। गर्भवती माता को 21 हजार रुपये दिए जाएंगे। सभी बहनों को सरकारी बस में मुफ्त यात्रा मिलेगी। सरकारी नौकरियों में 33 फीसदी महिला आरक्षण दिया जाएगा। आशीष दुबे / 13 अप्रैल 2026