क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


० भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने भारतरत्न डॉ. अम्बेडकर के सम्मान में आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी पत्रकार वार्ता में रायपुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने बताया है कि 14 अप्रैल को भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 136वीं जयंती भाजपा प्रदेशभर में प्रभावशाली कार्यक्रमों के साथ मनाने जा रही है। श्री सोनी ने सोमवार को यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता में भाजपा द्वारा रखे जा रहे कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला और बताया कि प्रतिवर्ष भाजपा द्वारा डॉ. अंबेडकर की गरिमा और सम्मान के अनुरूप राष्ट्रव्यापी स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री सोनी ने बताया कि जयंती के कार्यक्रमों के क्रम में सबसे पहले सोमवार 13 अप्रैल को पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार प्रत्येक उन स्थलों पर जहां डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा है, वहाँ चौक-चौराहों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया एवं प्रतिमा व प्रतिमा स्थल की साफ सफाई की गई। इसी के साथ सोमवार की संध्या भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक विकासखंडों, नगर पंचायत, नगर पालिकाओं में बाबा साहब की प्रतिमा के सम्मुख दीप जलाकर दीपोत्सव का कार्यक्रम रखा। श्री सोनी ने कहा कि कल मंगलवार, 14 अप्रैल को बाबासाहब की जयंती के अवसर पर सभी मंडल कार्यालयों, विधानसभा कार्यालयों, जिला कार्यालयों एवं प्रदेश कार्यालय में बाबासाहब के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा एवं उनके जीवन पर प्रकाश डाला जाएगा और देश को उनके महती योगदान पर चर्चा की जाएगी। श्री सोनी ने कहा कि भाजपा के छह प्रमुख कार्यक्रमों में से एक 14 अप्रैल बाबासाहब की जयंती का कार्यक्रम है जिसे प्रत्येक बूथ तक पहुँचकर मनाने की योजना भाजपा द्वारा बनाई गई है । इसी प्रकार विशेष संपर्क अभियान पूरे देश में बाबासाहब की जयंती पर भाजपा द्वारा चलाया जा रहा है। इसमें जिन स्थानों पर बाबा साहब के अनुयायियों की बहुलता है, उन स्थानों पर समरसता भोज आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश पहुँचाएंगे और उनको अपने देश के विकास में सहभागी बनाने का काम करेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री सोनी ने कहा कि 14 तारीख को राजधानी रायपुर में भी बहुत-से कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं जिनमें मुख्यमंत्री श्री साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी शामिल होंगे। सभी स्तर के कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को आने वाले एक सप्ताह तक बूथ स्तर तक करेंगे। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए 15 अप्रैल से 20 तारीख तक प्रत्येक जिला केंद्र में बाबासाहब के विचारों पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इन संगोष्ठियों में सभी समाज प्रमुखों को, विशेषकर अनुसूचित जाति के क्षेत्र में कार्य करने वाले समाज की विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। उक्त प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर और प्रदेश प्रवक्ता किरण बघेल भी उपस्थित थीं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/ 13 अप्रैल 2026