मुंबई (ईएमएस)। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ के फुटेज के इंटरनेट पर लीक होने पर अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने दर्शकों से अपील की है कि वे फिल्म का इंतजार करें और इसे सिनेमाघरों में बड़े पर्दे पर देखें, ताकि पूरी टीम की मेहनत का सम्मान हो सके। एक बयान जारी करते हुए पूजा हेगड़े ने कहा, मेरे प्यारे दर्शकों, एक फिल्म अनगिनत घंटों की मेहनत, रचनात्मक जोखिम और पूरी टीम की व्यक्तिगत कुर्बानियों का परिणाम होती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फिल्म को ऑनलाइन लीक होते और गैर-कानूनी तरीके से साझा होते देखना बेहद दुखद है। यह सिर्फ कमाई का नुकसान नहीं, बल्कि हर कलाकार और टेक्नीशियन की मेहनत और इज्जत को भी छीन लेता है। पूजा ने विशेष रूप से यह भी उल्लेख किया कि यह विजय की आखिरी फिल्म है, और हर कोई इसे बड़े पर्दे पर सही तरीके से देखने और उसका जश्न मनाने का हकदार है। उन्होंने दर्शकों से अनुरोध किया, चलिए, थोड़ा इंतजार करते हैं। फिल्म सही समय पर रिलीज होगी। पायरेसी को बढ़ावा न दें। इसी तरह सिनेमा और कला जिंदा रहेंगे। दूसरी ओर, फिल्म के प्रोडक्शन हाउस, केवीएन प्रोडक्शंस ने भी इस घटना पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की। प्रोड्यूसर्स ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि फिल्म के कुछ सीन और क्लिप गैर-कानूनी तरीके से लीक हो गए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब, टोरेंट या किसी भी अन्य माध्यम से लीक कंटेंट को डाउनलोड करना, देखना, साझा करना या स्टोर करना कॉपीराइट कानून का उल्लंघन है और एक गंभीर अपराध है। प्रोडक्शन हाउस ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मामले में तुरंत जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक जांच के साथ, लीक में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है, और हर अपराधी के खिलाफ बिना किसी अपवाद के सख्त आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता को सलाह दी कि वे लीक हुए कंटेंट को न खोलें, न स्टोर करें और न ही आगे साझा करें। अगर किसी को ऐसा कंटेंट मिलता है, तो उसे तुरंत डिलीट कर दें। ‘जन नायकन’ एक हाई-ऑक्टेन एक्शन एंटरटेनर फिल्म है, जिसे थलापति विजय की आखिरी फिल्म बताया जा रहा है। एच. विनोद के निर्देशन में बनी यह फिल्म दर्शकों के लिए एक बड़ा सिनेमाई अनुभव होने की उम्मीद है। सुदामा/ईएमएस 14 अप्रैल 2026