क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


जांजगीर(ईएमएस)। जिले में चावल कारोबार के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को पुलिस ने बिहार के अररिया जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को बड़ा कारोबारी बताकर एक व्यापारी से 1.70 लाख रुपए ठग लिए थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम प्रकाश शर्मा के रूप में हुई है। उसने जांजगीर स्थित सुलोचना फूड्स के संचालक बांके बिहारी अग्रवाल से संपर्क कर खुद को चावल का बड़ा सप्लायर बताया। बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यापारी ने एक ब्रोकर के माध्यम से आरोपी से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान 2980 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 900 क्विंटल चावल का सौदा तय हुआ। इसके बाद आरोपी ने ट्रक भाड़ा और लोडिंग खर्च के नाम पर अलग-अलग किस्तों में फोन-पे और बैंक खाते के जरिए कुल 1.70 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। पैसे मिलने के बाद आरोपी ने भरोसा बनाए रखने के लिए फर्जी बिल और दस्तावेज भी भेजे। जब व्यापारी ने चावल की डिलीवरी की मांग की तो आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया और फरार हो गया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन बिहार के अररिया जिले में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 अप्रैल 2026